नई दिल्ली। दिल्ली में आज, (8 मई) सुबह के वक्त ठंडी हवाओं से तापमान में कमी देखी गई है। 42 डिग्री तक पहुंचा तापमान 38 डिग्री पर आ गया। इसकी वजह से लोगों को चिलचिलाती गर्मी से कुछ राहत मिली है। हालांकि आसमान साफ है और तेज धूप निकली रही। मौसम विभाग की मानें तो 9 मई तक दिल्ली में तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा, इस बीच बादल भी छा सकते हैं। वहीं 10 मई से दिल्ली का मौसम बदलने की उम्मीद है। आईएमडी के मुताबिक, 10 से 12 मई के बीच दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
IMD के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इसके अलावा मौसम विभाग का कहना है दिल्ली में बारिश होने से तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है। 12 मई को दिल्ली में आंधी-तूफान के साथ बारिस हो सकती है।
दिल्ली से सटे नोएडा में 9 मई तक आसमान साफ रहेगा, लेकिन आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग की मानें तो नोएडा में 10 से 14 मई के बीच हल्की बारिश होने के आसार हैं। IMD के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते नोएडा का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
गाजियाबाद में 10 से 14 मई के बीच गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। IMD के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते गाजियाबाद का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं।
गुरुग्राम में इस पूरे हफ्ते आसमान साफ रहेगा, हालांकि इस दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। IMD के अनुसार, इस पूरे हफ्ते गुरुग्राम का अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।