आज यानी शुक्रवार (15 सितंबर) को शेयर बाजार ने ऑलटाइम हाई बनाया। सेंसेक्स ने कारोबार के दौरान 67,927 का स्तर छुआ। निफ्टी भी 20,222 के स्तर तक पहुंचा। हालांकि बाद में बाजार थोड़ा नीचे आया और सेंसेक्स 320 अंक बढ़कर 67,838 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में 67 अंकों की तेजी रही। यह 20,170 के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के 20 शेयरों में खरीदारी और 10 में बिकवाली देखने को मिली। बाजार की तेजी में ऑटो और PSU बैंकिंग स्टॉक्स सबसे आगे रहे। निफ्टी में बजाज ऑटो, हीरो मोटोकॉर्प और M&M के स्टॉक्स टॉप गेनर है। BPCL का शेयर टॉप लूजर है। वहीं सेंसेक्स पर सबसे ज्यादा तेजी M&M, भारती एयर टेल और टाटा मोटर्स में रही। HUL में गिरावट रही।
रेलीगेयर ब्रोकिंग के अजीन मिश्रा ने कहा-हमें उम्मीद है कि निफ्टी में पॉजिटिव रुख जारी रहेगा। लोगों को "बाय ऑन डिप्स" की अप्रोच बनाए रखनी चाहिए। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के विनोद नायर ने कहा कि त्योहारी मांग बढ़ने की उम्मीद में ऑटो शेयरों में खरीदारी दिख रही है। चीन के उम्मीद से बेहतर आर्थिक आंकड़ों से ग्लोबल मार्केट सेंटीमेंट बेहतर हुए हैं।
ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसी कंपनी यात्रा ऑनलाइन का IPO आज से निवेश के लिए खुल गया है। यह 20 सितंबर को बंद होगा। इश्यू का प्राइस बैंड 135-142 रुपए तय किया गया है। यात्रा की शुरुआत साल 2006 में हुई थी। ये घरेलू और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट टिकट बुकिंग की सुविधा देता है। इससे ग्राहक बस, रेल टिकट, कैब रिजर्वेशन, होटल, होम स्टे की बुकिंग भी कर सकते हैं।
इश्यू खुला - 15 सितंबर
इश्यू बंद - 20 सितंबर
फ्रेश इश्यू साइज - 602 करोड़
OFS साइज - 1.22 करोड़ इक्विटी शेयर
प्राइस बैंड - 135-142 रुपए/शेयर
लॉट साइज - 105 शेयर
गुरुवार को ऑल टाइम हाई से फिसलकर बंद हुआ था बाजार
कल यानी गुरुवार 14 सितंबर को शेयर बाजार ऑल टाइम हाई से फिसलकर बंद हुआ था। सेंसेक्स ने कारोबार के दौरान 67,771 का स्तर छुआ। निफ्टी भी 20,167 के स्तर तक पहुंचा। हालांकि इसके बाद मार्केट थोड़ा नीचे आया और सेंसेक्स 52 अंकों की तेजी के साथ 67,519 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 33 अंकों की तेजी रही, ये 20,103 के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के 16 शेयरों में खरीदारी और 14 में बिकवाली रही। बैंक और ऑटो शेयरों में 1% से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। ऑटो, मेटल और रियल्टी में खरीदारी रही। निफ्टी रियल्टी 1.25% की तेजी के साथ बंद हुआ। वहीं, FMCG, मीडिया में बिकवाली नजर आई। मिडकैप शेयर्स ने आज अच्छा परफॉर्म किया। निफ्टी मिडकैप-50 में 1.12% की तेजी रही।