बीसीसीआई के चीफ सेलेक्टर चेतन शर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वे हाल ही में एक न्यूज चैनल के स्टिंग ऑपरेशन की वजह से विवादों में घिरे थे। चेतन ने स्टिंग में टीम इंडिया के कई खिलाड़ियों का जिक्र किया था। उन्होंने कई विवादित बातें भी कही थीं। इसके बाद से उनके पद पर संकट बना हुआ था। अब शुक्रवार को चेतन ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव जय शाह को इस्तीफा सौंपा। रिपोर्ट के मुताबिक इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। यह उनका चीफ सेलेक्टर के तौर पर दूसरा कार्यकाल था।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी चेतन शर्मा टी20 वर्ल्ड कप के बाद टीम इंडिया के खराब प्रदर्शन की वजह से पद से हटा दिए गए थे। लेकिन उन्हें हाल ही में दोबारा चीफ सेलेक्टर बनाया गया। लेकिन स्टिंग ऑपरेशन को लेकर हुए विवाद के बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा। चेतन ने स्टिंग ऑपरेशन में खिलाड़ियों के फिटनेस को लेकर कई बड़े राज खोले थे। उन्होंने पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष और कप्तान के रिश्तों पर भी प्रतिक्रिया दी थी। वे स्टिंग के बाद विवाद में आ गए और रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई उनके खिलाफ एक्शन भी लेना चाह रही थी। इसके बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा। रिपोर्ट के मुताबिक चेतन ने जय शाह को इस्तीफा सौंप दिया है और इसे स्वीकर भी कर लिया गया है।
गौरतलब है कि चेतन शर्मा को दिसंबर 2020 में पहली बार चीफ सेलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद उन्हें नंवबर 2022 में पद से हटा दिया गया था। भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन किया था। यही वजह थी कि वे पद से हटाए गए। लेकिन उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी गई।