04 May 2024, 01:38:36 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news

इजरायली हमले में प्रेग्नेंट महिला की मौत के बाद डॉक्टरों ने जिंदा बच्ची को गर्भ से निकाला

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 22 2024 4:41PM | Updated Date: Apr 22 2024 4:41PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। इजरायल और हमास के बीच जंग जारी है। इसी के साथ इजरायल ने गाजा पट्टी में एक बार फिर से हमले तेज कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, रविवार को गाजा पट्टी में हुए हमले में 22 लोगों की मौत हो गई। इस हमले में एक प्रेग्नेंट महिला की भी मौत हो गई। लेकिन इस दौरान एक चमत्कार हुआ और महिला के गर्भ में पल रही बच्ची जिंदा बच गई। फिलीस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि गाजा के राफा में इजरायली हमले में एक बच्ची अपनी मां की कोख में जिंदा बच गई। हालांकि इस हमले में उसके माता-पिता और भाई-बहन की मौत हो गई।

फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि हमले में महिला की मौत के बाद डॉक्टरों ने तुरंत आपातकालीन सी-सेक्शन के जरिए बच्ची को उसकी मृत मां के गर्भ से बाहर निकाल लिया। बच्ची को जब मृतक महिला के गर्भ से निकाला गया तो उसके शरीर में हलचल देख डॉक्टर भी हैरान रह गए। क्योंकि बच्ची जिंदा थी। मृतक महिला की पहचान सबरीन अल-सकानी के रूप में हुई।

बताया जा रहा है कि जब महिला ने अंतिम सांस ली, तब वह 30 सप्ताह की गर्भवती थी। कथित तौर पर बच्चे को राफा अस्पताल में एक इनक्यूबेटर में रखा गया है। बच्ची को अगले तीन से चार सप्ताह तक डॉक्टर्स की निगरानी में रखा जाएगा। एक डॉक्टर ने दावा किया कि बच्ची का वजन 1।4 किलोग्राम है और उसकी हालत स्थिर है। डॉक्टरों ने बताया कि समय के साथ उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।

फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, इजरायल के हमले में अब तक 34,000 से अधिक लोग मारे गए हैं। ये युद्ध 7 अक्टूबर को हमास लड़ाकों द्वारा इजरायल पर हमला करने के बाद शुरू हुआ। इजरायली आंकड़ों के अनुसार, इस हमले में करीब 1,200 लोगों की मौत हुई। जबकि हमास के लड़ाकों ने 253 लोगों का अपहरण कर लिया था। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बीते 24 घंटों में गाजा पट्टी पर इजरायली सैन्य हमलों में 48 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई और 79 अन्य घायल हुए हैं।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »