मुरादाबाद में डॉ. भीमराव अंबेडकर एकेडमी के आवासीय क्वार्टर में एक कांस्टेबल की डेडबॉडी पंखे से लटकी मिली है। सिपाही का शव फंदे से लटके होने की सूचना पर एकेडमी के अधिकारी और सिविल लाइंस थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
सिपाही सूरजपाल सिंह (25 साल) मूल रूप से अमरोहा जिले के चक्काली लेट का रहने वाला था। 2019 में वो पुलिस विभाग में बतौर कांस्टेबल भर्ती हुआ था। सूरजपाल के जीजा अंजुल ने दैनिक भास्कर से कहा कि सूरजपाल को उन्नाव की एक लड़की ब्लैकमेल करके 25 लाख रुपये की डिमांड कर रही थी। इसी से परेशान होकर उसने सुसाइड कर लिया।
अजयपाल के जीजा अंजुल ने बताया कि उनके साले की सगाई रामपुर जिले की एक महिला कांस्टेबल के साथ हाे चुकी थी। शादी की तारीख भी निकाली जा रही थी। इस बीच अजयपाल का तबादला सीतापुर से मुरादाबाद के लिए हो चुका था। अजयपाल की पहली तैनाती सीतापुर में हुई थी। 2023 में ही उसका ट्रांसफर पुलिस एकेडमी मुरादाबाद में हुआ था।
सीतापुर में तैनाती के दौरान 2022 में अजयपाल की ड्यूटी उन्नाव कचहरी में लगी थी। इस दौरान वो उन्नाव की एक लड़की के संपर्क में आया था। जब अजयपाल की शादी महिला कांस्टेबल के साथ तय हुई तो इसी लड़की ने अजयपाल पर शादी का झांसा देकर रेप करने के आरोप लगाते हुए उन्नाव कोतवाली में शिकायत की थी।
अजयपाल के जीजा अंजुल का कहना है कि ये शिकायत जून 2023 में हुई थी। उस वक्त नौकरी बचाने के लिए अजयपाल ने शिकायत करने वाली लड़की पिंकी दीक्षित से स्टांप पेपर पर शादी कर ली थी। पिंकी उन्नाव में पुरानी बाजार रामनगर थाना कोतवाली सदर की रहने वाली है। अंजुल ने बताया कि उन्होंने और सूरजपाल की मां ने भी दबाव में इस स्टांप पेपर पर दस्तखत कर दिए थे।
परिजनों का कहना है कि 21 जून को उन्नाव थाने में स्टांप पेपर पर शादी का समझौता हुआ। इसके बाद 22 जून को वो लोग पिंकी को लेकर मुरादाबाद पुलिस एकेडमी पहुंचे। लेकिन यहां उसने हंगामा कर दिया। उसने 25 लाख रुपए की डिमांड की और चली गई। उसने शादी के समझौते से मुक्त करने की एवज में अजयपाल से 25 लाख रुपए मांगे थे। डिमांड पूरी नहीं होने पर बर्बाद कर देने की धमकी दी थी।
कांस्टेबल अजयपाल पिंकी की धमकी से बेहद परेशान था। परिजनों का कहना है कि वो जमीन बेचकर रकम जुटाने की कोशिशों में था। ताकि किसी तरह पिंकी से पीछा छुड़ा सके। लेकिन पिंकी लगातार उस पर प्रेशर बनाए जा रही थी, जिससे डिप्रेशन में आए अजयपाल ने गमछे का फंदा बनाकर पंखे से फंदा लगा लिया। वो अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है जिसकी शादी हाे चुकी है।